एक कहानी, एक संदेश — मानवता और सनातन संस्कृति के पुनर्जागरण की ओर।
फिल्म एक विशाल और प्रभावशाली माध्यम है। अच्छी और सार्थक कहानियों के माध्यम से हम समाज को समकालीन विषयों पर जागरूक कर सकते हैं और ऐसे संदेश दे सकते हैं, जो केवल मनोरंजन तक सीमित न रहकर मानव जीवन को दिशा देने का कार्य करें।
आज मनुष्य विज्ञान और विकास के नए दौर में पहुंच चुका है, लेकिन दुर्भाग्य से जागरूकता, संवेदनशीलता और सही दृष्टि के अभाव में मानव स्वयं ही जीव-जगत के प्रति हिंसक होता जा रहा है। जीव हत्या और पशु हत्या जैसे विषय हमारे समाज के सामने एक गंभीर प्रश्न बनकर खड़े हैं। जगह-जगह पशुओं को काटने और बेचने की दुकानें खुलती जा रही हैं।
ऐसे वातावरण में एक बड़ा प्रश्न उठता है — क्या ऐसी मानसिकता के साथ रामराज्य की कल्पना संभव है?
“बोलो राधे राधे” इसी प्रश्न को एक पारिवारिक और भावनात्मक कहानी के माध्यम से गाँव से शहर तक ले जाने वाली फिल्म है। यह किसी व्यक्ति या वर्ग के विरुद्ध नहीं, बल्कि मानवीय संवेदनाओं और जीव मात्र के प्रति करुणा की आवाज है।
फिल्म का मूल संदेश है — धरती पर हर जीव को जीने का अधिकार है। मनुष्य को अपने स्वार्थ के लिए किसी निर्दोष जीव की हत्या करने का अधिकार नहीं है।
“बोलो राधे राधे” में परिवार, रिश्ते, संस्कार, कर्म, मानवीय संवेदनाएं और हमारे सनातन जीवन-मूल्यों को भगवद्गीता के विचारों के साथ जोड़ा गया है।
यह फिल्म यह समझाने का प्रयास करेगी कि सनातन संस्कृति केवल पूजा-पद्धति का नाम नहीं है, बल्कि करुणा, कर्तव्य, अहिंसा, सेवा, संस्कार और प्रत्येक जीव के प्रति सम्मान की जीवन-दृष्टि है।
गाँव की मिट्टी से लेकर शहर की आधुनिक जीवनशैली तक की यात्रा करते हुए यह कहानी दर्शकों के सामने एक ऐसा आईना रखेगी, जिसमें वे स्वयं से प्रश्न कर सकें —
हम किस दिशा में जा रहे हैं?
हमारे संस्कार हमें क्या सिखाते हैं?
और क्या हमारी प्रगति प्रकृति एवं जीव-जगत की कीमत पर होनी चाहिए?